Lakhimpur Kheri News: चोरी और लूट के अंतरजनपदीय गिरोह के 5 बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी पुलिस ने चोरी और लूट की वारदातों में शामिल अंतरजनपदीय गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी।

Sharad Awasthi
Published on: 3 Jun 2026 1:48 PM IST
Lakhimpur Kheri News
X

Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद के नीमगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसके बाद पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुखबिर की सूचना पर बनी 22 सदस्यीय पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार, थाना नीमगांव पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम का नेतृत्व थाना अध्यक्ष प्रवीण गौतम और उपनिरीक्षक संदीप यादव समेत करीब 22 पुलिसकर्मी कर रहे थे। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश अल्हवापुर पुल के पास किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

घेराबंदी के दौरान फायरिंग, फिर मुठभेड़

पुलिस जैसे ही संदिग्ध स्थान पर पहुंची और घेराबंदी की कोशिश की, तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान एक बदमाश मौजीराम के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मौके से पांचों अभियुक्तों को दबोच लिया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम इस प्रकार बताए हैं। जिसके अनुसार, मौजीराम पुत्र हनुमानदीन निवासी मूड़ा हूसा थाना महोली जनपद सीतापुर, उम्र लगभग 22 वर्ष, सुमित प्रजापति पुत्र कमल कुमार निवासी हाजीपुर थाना महोली जनपद सीतापुर, उम्र लगभग 24 वर्ष, आलोक कुमार पुत्र उमाशंकर निवासी छहेलिया थाना महोली जनपद सीतापुर, उम्र लगभग 19 वर्ष, अभय प्रताप सिंह पुत्र अनिल कुमार सिंह निवासी दौदापुर थाना नीमगांव जनपद खीरी, सर्वेश राठौर पुत्र रामसहारे निवासी सड़ियामऊ थाना महोली जनपद सीतापुर शामिल हैं।

भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक मोटरसाइकिल का इंजन, चार चालू मोबाइल फोन, दो क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और 5300 रुपये नकद बरामद किए हैं।

घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती

मुठभेड़ के दौरान घायल हुए मौजीराम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की बड़ी सफलता

नीमगांव पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय चोरी और लूट के गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा था।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story