TRENDING TAGS :
Lakhimpur kheri News: लखीमपुर में तेंदुए ने युवक पर किया हमला, ग्रामीणों में दहशत
Lakhimpur kheri News: लखीमपुर के नयापुरवा गांव में तेंदुए ने युवक पर हमला किया। तीन दिनों में बाघ व तेंदुए द्वारा दो हमलों के बाद ग्रामीण भयभीत।
Lakhimpur kheri News
Lakhimpur Kheri News: मझगई रेंज के नयापुरवा गांव में शौच करने गए एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसका पैर जख्मी हो गया। उसके पैर में तेंदुए के नाखून लगे हैं। तेंदुए के हमले के बाद उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और उसे तेंदुए के पंजों से छुड़ाया। उसे मझगई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।गनीमत रही कि लोगों के पहुंचने पर तेंदुआ उसे छोड़कर भाग गया, जिससे वह ज्यादा घायल नहीं हुआ। बीते तीन दिनों में बाघ व तेंदुए द्वारा ग्रामीणों पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले शनिवार को मजदूरी पर गन्ना छीलने गए बेला निवासी वाजिद पर बाघ ने हमला कर उसे घायल कर दिया था।
नयापुरवा निवासी 28 वर्षीय सुरेंद्र कुमार सोमवार सुबह करीब नौ बजे खेतों में शौच करने गया था। शौच के बाद वह गांव के पास बने नाले के किनारे से होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले के बाद उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और उसे तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन तब तक उसके पैर में तेंदुए के नाखून लग चुके थे।इस बीच जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को मझगई अस्पताल पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को बेला गांव में मजदूरी पर गन्ना छीलने गए वाजिद पर बाघ ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके एक दिन बाद सोमवार को तेंदुए ने सुरेंद्र को घायल कर दिया। तीन दिनों में बाघ व तेंदुए द्वारा दो लोगों पर किए गए हमलों के बाद से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीण खेतों की ओर जाने से कतराने लगे हैं, जिससे गन्ने की छिलाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।रेंजर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बेला गांव में पिंजरा लगाया गया है और नयापुरवा में भी जल्द पिंजरा लगाया जाएगा।


