TRENDING TAGS :
तहसीलदार आदित्य विशाल का सख्त निरीक्षण, गांवों में जनगणना कार्य तेज, दिए कड़े निर्देश
Lakhimpuri News: तहसीलदार आदित्य विशाल ने खमरिया, अल्लीपुर, मटरिया व समैसा गांवों का दौरा कर जनगणना कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणकों को समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा सुपरवाइजर बदलने के भी आदेश जारी किए।
Lakhimpuri News: आगामी जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से तहसीलदार आदित्य विशाल आज सुबह से ही क्षेत्र के खमरिया, अल्लीपुर, मटरिया, समैसा सहित अन्य गांवों के दौरे पर निकल कर जनगणना कार्य की प्रगति का निरीक्षण कर रहे है। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों और संबंधित कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कार्य की स्थिति की जानकारी लेने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए । निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करें और सभी अभिलेखों को निर्धारित प्रारूप में तैयार करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी प्रपत्रों को सही जानकारी के साथ भरते हुए दो प्रतियों में नजरी नक्शा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जाएं।
सुपरवाइजर बदलने के दिये निर्देश
तहसीलदार आदित्य विशाल ने निरीक्षण में पाया कि मटरिया, अल्लीपुर आदि क्षेत्र में कार्य की निगरानी कर रहे सुपरवाइजर ओमवीर सिंह का उन्नाव स्थानांतरण होने के कारण कुछ कार्य प्रभावित हुआ है। इस पर उन्होंने अपने अधिनस्थों को तत्काल नया सुपरवाइजर नामित कर अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके। इस बाबत उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए। प्रशासन की मंशा है कि सभी गांवों में जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।


