TRENDING TAGS :
Lucknow News: बचपन डे-केयर सेंटर में दर्दनाक हादसा: गेट गिरने से मासूम की मौत, परिजनों का हंगामा
Lucknow News: लखनऊ के निशातगंज स्थित बचपन डे-केयर सेंटर में लोहे का गेट गिरने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सेंटर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया।
Day Care Center
Lucknow News: राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र स्थित निशातगंज के “बचपन डे-केयर सेंटर” में एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने डे-केयर सेंटर के बाहर बच्चे का शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम अपने परिवार के साथ बहराइच से रिश्तेदारी में मामा के घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चा घर से कुछ दूरी पर स्थित पानी की टंकी के पास खेल रहा था। इसी दौरान डे-केयर सेंटर का लोहे का गेट अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने डे-केयर सेंटर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। नाराज परिजनों ने सेंटर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीएम मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गेट की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


