अटल शताब्दी वर्ष में ऐशबाग के कल्याण मंडप का होगा कायाकल्प, डॉ. दिनेश शर्मा ने किया शिलान्यास

राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की उपस्थिति में पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना हडको के सीएसआर फंड से प्रस्तावित है

Ramkrishna Vajpei
Published on: 29 May 2026 9:54 PM IST
अटल शताब्दी वर्ष में ऐशबाग के कल्याण मंडप का होगा कायाकल्प, डॉ. दिनेश शर्मा ने किया शिलान्यास
X

Lucknow News: अटल बिहारी वाजपेयी की सोच और गरीब कल्याण की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए राजधानी के ऐशबाग स्थित संत सुदर्शनपुरी कल्याण मंडप के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की उपस्थिति में पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना हडको के सीएसआर फंड से प्रस्तावित है, जबकि कार्यदायी संस्था नगर निगम होगी।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण मंडप केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के कल्याण का उद्घोष है। उन्होंने बताया कि गरीब और वंचित वर्गों के लिए कल्याण मंडप की परिकल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी और लखनऊ का यह मंडप उसी सोच का प्रतीक है। अटल शताब्दी वर्ष के अवसर पर इसके पुनर्निर्माण का कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की पहचान केवल शिलान्यास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समयबद्ध तरीके से उद्घाटन भी करती है। सरकार द्वारा निर्मित परियोजनाओं की गुणवत्ता ऐसी होती है कि जनता वर्षों तक उनका लाभ उठाती है। उन्होंने नगर निगम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान महापौर के नेतृत्व में राजधानी में विकास कार्यों की नई गंगा बह रही है।


डॉ. शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लिए छह सोलर लाइट, एक हाईमास्ट लाइट और एक वाटर कूलर लगाए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने धानुक और कनौजिया धोबी समाज को अपने परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा कि अटल जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा समाज के वंचित वर्गों को सम्मान देने का काम किया है।


महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि 15 नवंबर तक कल्याण मंडप का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह भवन क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।


कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, पूर्व राज्य मंत्री मुन्ना सिंह धानुक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Ramkrishna Vajpei
ABOUT THE AUTHOR

Ramkrishna Vajpei

Ram Krishna Vajpei is a veteran cross-media journalist, political analyst, and data journalism expert whose distinguished career began in 1982. Spanning over four decades across print, broadcast (TV/Radio), and digital platforms, he specializes in rigorous research and deep analytical reporting on socio-political affairs. An authority on modern data journalism and the technical application of AI/LLMs in media, Vajpei also trains next-generation journalists and is currently pursuing a PhD in media studies. His work is defined by an absolute commitment to objectivity and a comprehensive editorial vision.

Next Story