TRENDING TAGS :
Lucknow News: 9 साल में 9 लाख भर्तियों का रिकॉर्ड, सीएम योगी बोले— डेढ़ लाख नई भर्तियां जल्द
Lucknow News: सीएम योगी ने कहा कि यूपी में 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक भर्तियां हुईं। इस साल डेढ़ लाख नई सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया जारी है।
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने इसे देश के किसी भी राज्य में नियुक्तियों की प्रक्रिया को सबसे पारदर्शी और सुचारू तरीके से पूरा करने का रिकॉर्ड बताया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष (2026-27) में डेढ़ लाख से अधिक सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इनमें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, शिक्षा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से विभिन्न पदों पर नियुक्तियां शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि अधीनस्थ चयन आयोग इस वर्ष 32 हजार से अधिक नियुक्तियां करेगा, जबकि शिक्षा चयन आयोग हजारों शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी करेगा। वहीं, यूपी लोक सेवा आयोग को लगभग 15 हजार भर्तियों का कार्य सौंपा गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सरकार ने सख्त कानून लागू किया है, जिसके तहत दोषियों को आजीवन कारावास और संपत्ति जब्ती का प्रावधान है।
युवाओं के सपनों को लेकर सीएम की चिंता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनका बच्चा अच्छी शिक्षा पाकर सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़े। लेकिन जब योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिलते, तो उनके साथ-साथ पूरे परिवार की उम्मीदें टूट जाती हैं। उन्होंने कहा कि किसी युवा के सपनों का टूटना केवल व्यक्तिगत नुकसान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ अन्याय है। सीएम ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान एक ‘बीमारू राज्य’ के रूप में थी, जिसका मुख्य कारण भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, भेदभाव और अनियमितताएं थीं। उस समय कई बार न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले स्थिति ऐसी थी कि फर्जी डिग्री धारक तक चयन प्रक्रिया का नेतृत्व करते थे और पैसे के लेनदेन से भर्तियां प्रभावित होती थीं।
2017 के बाद व्यवस्था में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया गया है। इसका परिणाम यह है कि अब तक पुलिस विभाग में 2,20,000 से अधिक भर्तियां सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में रिकॉर्ड 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले जहां नियुक्तियों पर कोर्ट स्टे लग जाते थे, वहीं अब प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है। इससे योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिल रहा है।
स्वास्थ्य और औषधि विभाग में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग में भी बड़े सुधार किए गए हैं। पहले जहां केवल पांच प्रयोगशालाएं थीं, अब 18 आधुनिक लैब्स कार्यरत हैं। नमूनों की जांच क्षमता 12,000 से बढ़कर 55,000 प्रतिवर्ष हो गई है। उन्होंने बताया कि आज 357 कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) और 252 डेंटल हाइजीनिस्ट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इसके बाद औषधि विभाग में विश्लेषकों की संख्या 44 से बढ़कर 401 हो गई है। जल्द ही खाद्य विश्लेषकों की भर्ती भी पूरी की जाएगी।
प्रदेश में निवेश और विकास पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने के कारण निवेश लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में फार्मा सेक्टर में 17 निवेशकों को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगामुक्त और गुंडामुक्त राज्य बन चुका है, जिससे विकास की गति तेज हुई है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु, मयंकेश्वर शरण सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


