Lucknow Airport पर 10 करोड़ की ड्रग्स बरामद, बैंकॉक-मस्कट रूट से हो रही थी तस्करी, यात्री गिरफ्तार

Lucknow News: बरामद मादक पदार्थ को हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10.39 करोड़ रुपये आंकी गई है।

Priya Singh Bisen
Published on: 6 Jun 2026 11:57 AM IST
Lucknow News
X

Lucknow News

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तकरीबन 10 करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य की प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद की है। इस मामले में एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो बैंकॉक से मस्कट होते हुए लखनऊ पहुंचा था। बरामद मादक पदार्थ को हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10.39 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस तस्करी के पहले से थी जानकारी

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंटेलिजेंस यूनिट और सीमा शुल्क विभाग को इस तस्करी की पहले से जानकारी मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने मस्कट से आने वाली उड़ान संख्या WY-265 से पहुंचे एक यात्री पर खास नजर रखी। ग्रीन चैनल से गुजरते वक़्त उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर सामान की जांच की गई।

जांच के दौरान यात्री के ट्रॉली बैग की एक्स-रे स्कैनिंग और गहराई से तलाशी ली गई। इस दौरान बैग से प्लास्टिक की कई परतों में पैक किए गए 13 संदिग्ध पैकेट बरामद हुए। परीक्षण में इन पैकेटों में हाइड्रोपोनिक गांजा होने की पुष्टि हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 10.397 किलोग्राम निकला।

कस्टम विभाग के उपायुक्त जितेंद्र सिंह ने बताया कि बरामद ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 10 करोड़ 39 लाख रुपये है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस नेटवर्क से साथ जुड़ा था और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत किया गया गिरफ्तार

शुरुआती जांच के बाद आरोपी को NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही बरामद ड्रग्स को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में ड्रग्स तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले 1 जून को भी मस्कट से आए एक यात्री के पास से करीब 13 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। उस खेप की कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये बताई गई थी। तस्कर ने ड्रग्स को चॉकलेट के पैकेटों में छिपाकर लाने का प्रयास किया था।

इस तरह के मामले लगातार सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट पर निगरानी और जांच प्रक्रिया को और ज्यादा सख्त कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण सफलता है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story