Lucknow News: हज से लौटे यात्रियों का लखनऊ एयरपोर्ट पर हंगामा, बैग से सामान गायब होने का लगाया आरोप

Lucknow News: हज यात्रा से लौटे कई हाजियों ने लखनऊ एयरपोर्ट पर बैग से सामान गायब होने और लगेज से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। यात्रियों ने हंगामा कर जांच की मांग की, जबकि हज कमेटी ने मामले की जांच कराने की बात कही।

Ashutosh Tripathi
Published on: 2 Jun 2026 9:51 PM IST (Updated on: 2 Jun 2026 9:52 PM IST)
Lucknow News
X

फोटो- आशुतोष त्रिपाठी

Lucknow News: राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सऊदी अरब से हज यात्रा पूरी कर लौटे कई हाजियों ने अपने लगेज से सामान गायब होने और बैगों के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया। इसको लेकर एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों ने विरोध जताया और एयरपोर्ट प्रबंधन से जवाब मांगा। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं।

बैग गायब होने का आरोप

गोंडा निवासी हाजी अकबर अली ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ हज से वापस लौटे थे, लेकिन एयरपोर्ट पर उनका एक बैग नहीं मिला। उनका कहना है कि करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बावजूद उन्हें बैग के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने इस मामले में एयरपोर्ट प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कानपुर की एक महिला हाजी ने आरोप लगाया कि उनका बैग बाहर से सुरक्षित दिखाई दे रहा था, लेकिन उस पर लगी प्लास्टिक रैपिंग हटाई जा चुकी थी और अंदर से सामान गायब था। उनके अनुसार बैग से छह इत्र, पांच चांदी की अंगूठियां, दो सोने की नाक की कीलें, पांच हिजाब, बच्चों के खिलौने समेत अन्य सामान नहीं मिला।

टूटा मिला लगेज का लॉक

एक अन्य यात्री ने दावा किया कि उसके लगेज का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखे इत्र, नमाज की जानमाज, हिजाब तथा अन्य जरूरी सामान गायब थे। हाजियों का कहना है कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, लेकिन लखनऊ पहुंचने पर इस प्रकार की घटना ने उन्हें परेशान कर दिया।

हबीब नामक एक हाजी ने आरोप लगाया कि उनके दो बैग पूरी तरह गायब हैं, जबकि एक अन्य बैग का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल लिया गया। उनके मुताबिक बैग से 14 इत्र, तीन घड़ियां, तीन चांदी की अंगूठियां, दो सोने की नाक की कीलें और आठ नकाब गायब मिले। उन्होंने दावा किया कि 50 से अधिक हाजी इस तरह की समस्या से प्रभावित हुए हैं।

क्या बोली हज कमेटी?

वहीं इस मामले पर उत्तर प्रदेश हज कमेटी का कहना है कि कुछ यात्रियों का लगेज अभी पहुंचना बाकी हो सकता है। वहीं, सामान चोरी और बैगों से छेड़छाड़ के आरोपों की जांच कराई जाएगी। अधिकारियों ने प्रभावित यात्रियों से शिकायत दर्ज कराने और आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने की अपील की है।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story