TRENDING TAGS :
Lucknow News: 41 साल बाद भी नहीं मिला मुआवजा! किसानों ने LDA कार्यालय घेरकर किया बड़ा प्रदर्शन
Lucknow News: लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी अराजनैतिक के बैनर तले किसानों ने एलडीए कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। किसानों ने गोमती नगर विस्तार योजना फेज-2 की जमीन का मुआवजा, विकसित भूखंड और मूलभूत सुविधाएं देने की मांग उठाई।
Lucknow News: भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी अराजनैतिक के बैनर तले किसानों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण एलडीए कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि वर्ष 1984 में गोमती नगर विस्तार योजना फेज-2 के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का पूरा मुआवजा आज तक नहीं दिया गया है, जिसके कारण किसान लंबे समय से परेशान हैं।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में किसानों ने एलडीए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित किया। किसानों का कहना है कि कई बार धरना-प्रदर्शन और अधिकारियों से वार्ता के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अधिग्रहण के 41 वर्ष बाद भी किसानों को न तो उचित मुआवजा मिला और न ही किए गए वादों के अनुरूप विकसित भूखंड उपलब्ध कराए गए।
किसानों ने मांग की कि वर्तमान सर्किल रेट के आधार पर मुआवजे का भुगतान किया जाए तथा किसानों को 4000 विकसित आवासीय भूखंड दिए जाएं। इसके अलावा चिनहट तिराहे पर कथित अवैध निर्माण हटाने, भरवारा क्षेत्र के किसानों को भूखंड आवंटित करने, गांवों में बारात घर निर्माण कराने और किसानों के मुआवजे से काटे गए 11.2 प्रतिशत इनकम टैक्स को वापस करने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिन गांवों की जमीन अधिग्रहित की गई है, वहां आज भी पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। गुलाम हुसैन पुरवा और रिसहा गांव में पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एलडीए और शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।


