TRENDING TAGS :
Lucknow News: स्मार्ट मीटर और बिजली निजीकरण के विरोध में गरजे प्रदर्शनकारी, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
Lucknow News: स्मार्ट मीटर लगाने और बिजली क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में वामपंथी दलों और जन संगठनों ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।
Lucknow News
Lucknow News: स्मार्ट मीटर लगाने और बिजली क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में सोमवार को विभिन्न जन संगठनों और वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने और बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अनावश्यक बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा को निजी कंपनियों के हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं। साथ ही अधिक बिलिंग के कारण उपभोक्ताओं से वसूली गई अतिरिक्त धनराशि को ब्याज सहित वापस किया जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार से घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के वादे को पूरा करने की भी मांग की।
इस दौरान वक्ताओं ने बिजली विभाग में बढ़ती आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि विभाग में कर्मचारियों की छंटनी रोककर संविदा कर्मियों को नियमित किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और उपभोक्ता मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


