TRENDING TAGS :
जूते चटवाए...बेल्ट से पीटा..., KMC मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्रों के साथ हैवानियत, रूह कंपा देने वाली रैगिंग
Maharajganj KMC Medical College Raging Case: एमबीबीएस प्रथम वर्ष के दो छात्रों के साथ सीनियर छात्रों ने बेरहमी से मारपीट की और उन्हें अपमानजनक तरीके से प्रताड़ित किया।
Maharajganj KMC Medical College Raging Case
Maharajganj KMC Medical College Raging Case: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले स्थित केएमसी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एमबीबीएस प्रथम वर्ष के दो छात्रों के साथ सीनियर छात्रों ने बेरहमी से मारपीट की और उन्हें अपमानजनक तरीके से प्रताड़ित किया। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने दोनों जूनियरों से जबरन जूते चटवाए। मारपीट के दौरान एक छात्र बेहोश हो गया, जबकि दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने सात सीनियर छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दोनों छात्र एमबीबीएस प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हैं और मूल रूप से वाराणसी जिले के कैंट थाना क्षेत्र और गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों छात्र कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एमबीबीएस सेकेंड ईयर के कुछ छात्रों ने उन्हें रोक लिया और रैगिंग शुरू कर दी। जब जूनियर छात्रों ने इसका विरोध किया और रैगिंग देने से इनकार किया, तो सीनियर छात्रों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सीनियर छात्रों ने दोनों के साथ की मारपीट
आरोप है कि सीनियर छात्रों ने न केवल दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया और अपमानित करते हुए जूते चटवाने जैसी हरकत की। मारपीट के दौरान एक छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन सक्रिय हो गया। कॉलेज के शिक्षक और सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे। कॉलेज टीम को आता देख आरोपी सीनियर छात्र वहां से फरार हो गए। पीड़ित छात्रों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही पीड़ित छात्रों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिजन देर रात अस्पताल और फिर कोतवाली पहुंचे।
रात करीब 11 बजे पीड़ित छात्रों के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात नामजद सीनियर छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि रैगिंग और मारपीट की इस घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी को भी मामले से अवगत कराया जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी अपनी आंतरिक जांच शुरू कर दी है।


