TRENDING TAGS :
Maharajganj : महराजगंज में कोहरे की घनी चादर, शीतलहर से ठिठुरा जनजीवन, सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन
Mahrajganj News : महराजगंज में घने कोहरे और शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर रेंगते वाहन, विजिबिलिटी बेहद कम, ठंड से लोग बेहाल
महराजगंज मौसम
Maharjganj News : जनपद महराजगंज में ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार की रात से ही पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे बुधवार सुबह तक जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। सड़कों पर कोहरे की इतनी घनी चादर बिछी रही कि कुछ ही मीटर की दूरी पर सामने का दृश्य दिखाई देना मुश्किल हो गया। विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घने कोहरे के चलते राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर ग्रामीण सड़कों तक वाहनों की रफ्तार थम सी गई। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर यात्रा करने को मजबूर नजर आए। खासकर सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पैदल चलना भी जोखिम भरा साबित हुआ।
बीते दो दिनों से चल रही शीतलहर ने ठंड में और इजाफा कर दिया है। ठंडी हवाओं और नमी के कारण गलन बढ़ गई है, जिससे लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। सुबह और शाम के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, लोग बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले। चाय की दुकानों और अलाव के आसपास लोगों की भीड़ देखी गई।
भारत-नेपाल सीमा से सटा और हिमालय के तराई क्षेत्र में स्थित जनपद महराजगंज में मौसम का असर अधिक देखने को मिल रहा है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। जिले में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिक ठंड का अहसास गलन और ठंडी हवाओं के कारण हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर का असर और बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। जनपद में ठंड और कोहरे के इस कहर ने फिलहाल आमजन की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है।


