Maharajganj News : घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में महराजगंज, जनजीवन बेहाल

Maharajganj News : घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से महराजगंज में जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर दृश्यता कम, यातायात और दिनचर्या प्रभावित।

Upendra Kumar
Published on: 23 Dec 2025 9:16 AM IST
Maharajganj News : घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में महराजगंज, जनजीवन बेहाल
X

Dense Fog and Cold Wave Grip Maharajganj

Maharajganj News : जनपद में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार की रात से ही पूरे जिले में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिसका असर मंगलवार सुबह से ही साफ नजर आने लगा। आलम यह रहा कि कुछ ही मीटर की दूरी पर देख पाना मुश्किल हो गया और विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।

राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर ग्रामीण सड़कों तक घने कोहरे का असर देखने को मिला। वाहन चालकों को मजबूरी में फॉग लाइट और हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से सफर करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालकों को रास्ता समझने में दिक्कत हुई, जिससे जाम जैसी स्थिति भी बनी रही। कोहरे के कारण सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और आवश्यक कार्यों से निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घने कोहरे के चलते पैदल चलना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। बीते चार दिनों से चल रही तेज ठंडी हवाओं और शीतलहर ने ठंड में और इजाफा कर दिया है, जिससे लोगों की गलन बढ़ गई है।

भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले में ठंड का प्रकोप और अधिक देखने को मिल रहा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि आने वाले दिनों में कोहरा और शीतलहर और तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

स्थानीय नागरिक अभिषेक सिंह ऊर्फ बबुना बाबू ने बताया कि घने कोहरे और ठंड के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। सुबह घर से निकलना मुश्किल हो गया है और सड़क पर चलते समय हर पल दुर्घटना का डर बना रहता है। वहीं, कई लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।कुल मिलाकर महराजगंज में मौसम का मिजाज फिलहाल सख्त बना हुआ है। प्रशासन और आम लोगों दोनों को सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि कोहरे और ठंड के इस दौर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Upendra Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Upendra Kumar

Next Story