TRENDING TAGS :
महराजगंज: नवनिर्मित मकान में चोरी, कटीले तार काटकर घुसे चोर, CCTV में कैद वारदात
Mahrajganj News : घुघली थाना क्षेत्र में नवनिर्मित मकान से लाखों की चोरी, कटीले तार काटकर घुसे चोर, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
Maharajganj theft
Maharajganj News : जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे अब पुलिस से बेखौफ होकर मुख्य सड़कों के किनारे स्थित मकानों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला घुघली–शिकारपुर मुख्य मार्ग पर स्थित रामपुर मोड़ का है, जहां शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक नवनिर्मित मकान में घुसकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी चोरी की घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर ब्लडीहा बेलवा टोला निवासी रामबचन यादव ने रामपुर चौराहे से शिकारपुर मार्ग पर अपना नवनिर्मित मकान बनवाया है। मकान का निर्माण कार्य अभी जारी था और गृह प्रवेश नहीं हुआ था। इसी का फायदा उठाकर शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे से बाउंड्री पर लगे कटीले तार को काटा और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने मकान में रखा कीमती सामान, जिसमें नकदी, निर्माण सामग्री और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं, चोरी कर लिया।
मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो चोर मुंह पर गमछा बांधकर पहले कटीले तार काटते हैं और फिर मकान के अंदर घुस जाते हैं। चोरों की गतिविधियां कैमरे में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं, जिससे उनकी पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
शनिवार सुबह जब मकान मालिक रामबचन यादव मौके पर पहुंचे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल घुघली थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मौके का निरीक्षण कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


