TRENDING TAGS :
Maharajganj: प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, महराजगंज में युवक की नृशंस हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
Maharajganj News: महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों से जुड़ा दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। युवक की नृशंस हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
Maharajganj News
Maharajganj News: महराजगंज में एक बार फिर प्रेम, परंपरा और सामाजिक दबाव के टकराव ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है, जहां प्रेम संबंधों से उपजे डर और तथाकथित इज़्ज़त की खातिर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
02 फरवरी 2026 को बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया घर से यह कहकर निकला था कि वह पास के गांव में आर्केस्ट्रा देखने जा रहा है। परिजनों को क्या पता था कि यह उसका आख़िरी निकलना होगा। घंटों बीते, रात बीत गई, लेकिन आदित्य सुबह घर नहीं लौटा। बेचैन परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और एक उम्मीद के साथ हर दरवाज़ा खटखटाया।चार दिन बाद, 06 फरवरी को लेजर महदेवा गांव के दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत में एक शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान आदित्य के रूप में होते ही घर में कोहराम मच गया। वह खेत, जो जीवन और अन्न का प्रतीक होता है, वहीं एक युवा की लाश ने समाज से कई सवाल खड़े कर दिए।
पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई, वह और भी भयावह थी। आदित्य का मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से प्रेम संबंध था। इस संबंध के उजागर होने से आरोपी सामाजिक बदनामी से घबरा गए। समाज की नज़रों में गिरने का डर इतना हावी हो गया कि उन्होंने प्रेम को अपराध मानते हुए आदित्य को बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को तालाब के पास गेहूं के खेत में छिपा दिया गया, ताकि सच हमेशा के लिए मिट जाए, लेकिन सच कब तक छिपता है?
पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीणा (आईपीएस) के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित टीम ने डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट और सर्विलांस की मदद से कड़ियों को जोड़ा। आखिरकार पुलिस ने दो नामजद आरोपियों मथुरा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता तथा एक नाबालिग बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
महराजगंज के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि थाना फरेंदा क्षेत्र में हुई आदित्य चौरसिया हत्याकांड का महराजगंज पुलिस द्वारा सफल अनावरण किया गया है। उन्होंने बताया कि दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि में आदित्य चौरसिया घर से आर्केस्ट्रा देखने के लिए निकला था, जिसके बाद दिनांक 06 फरवरी 2026 को फरेंदा थाना क्षेत्र के लेजर महदेवा गांव स्थित दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत से उसका शव बरामद हुआ।
घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा हत्याकांड के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और डॉग स्क्वायड की प्रभावी मदद से घटना का सफल खुलासा किया गया है। इस दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग बाल अपचारी भी शामिल है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


