TRENDING TAGS :
महराजगंज: विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं को ठंड में सावधानी और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी
Mahrajganj News : महराजगंज में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञों ने ठंड में सावधानी और पानी पीने की सलाह दी
Maharajganj Health Camp
Mahrajganj News : केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की ओर से विकास खंड सिसवा के शीतलापुर गांव में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 340 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, जिसमें गठिया रोग और स्त्री रोग से संबंधित मरीजों की संख्या सर्वाधिक रही। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस शिविर को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कृतिका सिंह ने महिलाओं को माहवारी प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अनियमित मासिक धर्म से अनेक गंभीर बीमारियां उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि सही खानपान के साथ-साथ नियमित रूप से आयरन की गोलियों का सेवन महिलाओं के लिए बेहद जरूरी है। डॉ. सिंह ने यह भी चिंता जताई कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को परिवार के सामने साझा करने से कतराती हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। उन्होंने अपील की कि प्रदर, अनियमित मासिक धर्म, असामान्य रक्तस्राव या किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
वहीं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तूलिका मिंज ने गर्भवती महिलाओं को ठंड के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को गर्म और आरामदायक कपड़े पहनने चाहिए तथा हाथ-पैरों में मोजे अवश्य पहनें। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मौसम में पानी पीना कम न करें, क्योंकि इससे त्वचा रूखी हो सकती है। यदि त्वचा अधिक रूखी हो तो ग्लिसरीन का उपयोग करना लाभकारी है।
शिविर में आंखों से संबंधित रोगों की भी जांच की गई, जहां मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को अस्पताल में निःशुल्क ऑपरेशन योजना की जानकारी दी गई। साथ ही शिविर में आए सभी मरीजों का आभा कार्ड भी बनाया गया।चिकित्सा शिविर में डॉ. कृष्णा और डॉ. दिव्य ने भी मरीजों की जांच की। ग्राम प्रधान राधेश्याम ने मरीजों की देखरेख और व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारी आनंद तिवारी, अभिषेक, रंजीता तथा नर्सिंग स्टाफ अर्चना, अनु, प्रियांशी और अनुराधा ने स्वास्थ्य जांच में विशेष सहयोग प्रदान किया।इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई।


