TRENDING TAGS :
Mahoba News: महोबा में दबंगों ने खेत में थ्रेसिंग कर रहे किसान अरुण यादव पर की फायरिंग, हालत गंभीर
Mahoba News: महोबा के रेवारा गांव में दबंगों ने 24 वर्षीय किसान अरुण यादव पर फायरिंग की, गंभीर हालत में झांसी रेफर।
Mahoba News
Mahoba News: महोबा जनपद में आज सनसनी फैल गई, जब थ्रेसिंग कर रहे एक किसान पर दबंगों ने फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया। आरोप है कि करीब 15 हमलावरों ने बाइकों पर सवार होकर खेत को घेरा और फायरिंग शुरू कर दी। इस खूनी खेल में 24 वर्षीय किसान अरुण यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुटी है।
महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के रेवारा गांव में हुए इस गोलीकांड से इलाके में दहशत फैल गई है। गांव का रहने वाला 24 वर्षीय युवक अरुण यादव अपने खेत पर गेहूं की थ्रेसिंग कर रहा था, तभी अचानक वहां गोलीकांड की वारदात हुई। पीड़ित ने बताया कि गांव के ही दबंग सुभाष ठाकुर और सुमित यादव अपने करीब 15 साथियों के साथ अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर खेत पर पहुँचे। बिना किसी पुराने विवाद या कहासुनी के, हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच सुभाष ने अवैध तमंचे से सीधे निशाना साधकर अरुण पर गोली चला दी, जो उसके बाएं हाथ के बाजू में लगी। गोली लगते ही अरुण लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे आसपास काम कर रहे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कबरई पुलिस और परिजन मौके पर पहुँचे और घायल किसान को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया।घायल के चाचा रमाकांत का कहना है कि उनका किसी से कोई रंजिश नहीं थी, फिर भी दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चाचा का आरोप है कि सुमित और उसके साथियों ने केवल दहशत फैलाने के लिए उनके भतीजे को निशाना बनाया।महोबा जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर दीपक ने बताया कि मरीज की स्थिति काफी गंभीर है। गोली युवक के बाएं हाथ के बाजू में लगी है। इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।फिलहाल, कबरई पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


