Mahoba News: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Mahoba News: महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। आम के बाग की रखवाली कर रहे किसान पर बारिश के दौरान बिजली गिरने से परिवार में कोहराम मच गया।

Imran Khan
Published on: 7 May 2026 4:24 PM IST
Mahoba News: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
X

Mahoba News

Mahoba News: महोबा में कुदरत का कहर देखने को मिला है, जहाँ आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 51 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। कबरई थाना क्षेत्र के राजीव नगर निवासी जगमोहन कुशवाहा अपने खेत में आम के बाग की रखवाली कर रहे थे, तभी बारिश के दौरान पेड़ पर बिजली गिर गई। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है और उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।

महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र की यह घटना है।बजहाँ आकाशीय बिजली ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। राजीव नगर के रहने वाले 51 वर्षीय किसान जगमोहन कुशवाहा रोज की तरह अपने खेत पर गए थे। मौसम के मिजाज को देखते हुए वे अपने आम के बाग की रखवाली कर रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही बाग उनके जीवन का आखिरी पड़ाव साबित होगा। ​प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक सुबह के समय अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए जगमोहन पास ही स्थित एक घने आम के पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान गरज के साथ कड़कती हुई आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि जगमोहन इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।​ घटना का पता तब चला जब जगमोहन का भतीजा चंद्रभान दोपहर का भोजन लेकर खेत पहुँचा। वहाँ का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, उसके चाचा बेसुध जमीन पर पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई राजाराम और भतीजे अशोक का कहना है कि जगमोहन ही परिवार का मुख्य सहारा थे। वे सुबह घर से मुस्कुराते हुए निकले थे, मगर उनकी जान चली गई। ​सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद से पूरे राजीव नगर इलाके में मातम पसरा है।पीड़ित परिवार अब सरकार और जिला प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। उन्होंने शासन से आर्थिक मदद की मांग की है ताकि इस संकट की घड़ी में परिवार को कुछ संबल मिल सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की शासकीय सहायता की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

Next Story