Mahoba News: महोबा में 16 दिन बाद मिली NEET छात्रा, अपहरण और उत्पीड़न के आरोप से सनसनी

Mahoba News: महोबा में 16 दिन बाद बरामद NEET छात्रा ने बंधक बनाकर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए, जांच तेज

Imran Khan
Published on: 18 May 2026 9:28 PM IST
Mahoba News: महोबा में 16 दिन बाद मिली NEET छात्रा, अपहरण और उत्पीड़न के आरोप से सनसनी
X

Mahoba NEET Student Kidnapping Case

Mahoba News : उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के अपहरण और उत्पीड़न के मामले ने तूल पकड़ लिया है। 16 दिन बाद छात्रा की बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पीड़िता को पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण किया गया।

कोचिंग से लौटते समय हुई थी लापता

जानकारी के मुताबिक छात्रा मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली है और महोबा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी। परिजनों के अनुसार 30 अप्रैल को छात्रा कोचिंग से लौटते समय अचानक लापता हो गई थी। इसके बाद परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप

बरामद होने के बाद छात्रा ने कुछ लोगों पर बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ मेडिकल परीक्षण भी कराया है।अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं सामने

घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। कांग्रेस नेताओं ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी नेताओं ने पीड़िता को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है।बताया जा रहा है कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द महोबा पहुंचकर पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात करेगा।

अस्पताल में चल रहा उपचार

जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है और आवश्यक मेडिकल देखभाल दी जा रही है।

क्षेत्र में आक्रोश का माहौल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोग मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

Next Story