TRENDING TAGS :
Mahoba News: महोबा में 300 फीट गहरी खदान में ट्रक गिरा, चालक की दर्दनाक मौत
Mahoba News: महोबा के डहर्रा गांव में 300 फीट गहरी खदान में ट्रक गिरने से 25 वर्षीय चालक भीष्म सिंह की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया।
Mahoba News(Photo-Social Media)
Mahoba News: महोबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां डहर्रा गांव के पहाड़ी क्षेत्र में करीब 300 फीट गहरी खदान में ट्रक गिरने से 25 वर्षीय चालक भीष्म सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, कबरई कोतवाली क्षेत्र के राजीव नगर निवासी भीष्म सिंह रविवार तड़के करीब 3 बजे रोज़ की तरह काम पर निकला था। वह शहर कोतवाली क्षेत्र के डहर्रा गांव के पहाड़ों में ट्रक चलाकर पत्थर ढोने का काम करता था, जिससे उसके परिवार का भरण-पोषण होता था।
अचानक टूट गई सापट, ट्रक पर से खोया नियंत्रण
बताया जा रहा है कि ट्रक चलाते समय अचानक वाहन की सापट (पार्ट) टूट गई, जिससे भीष्म का नियंत्रण ट्रक से हट गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खदान में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और चालकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में चालक को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक भीष्म सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है—6 वर्षीय नितेश, 3 वर्षीय नित्या और 1 वर्षीय नीरज। पत्नी अनीता सदमे में है, जबकि पिता रामचरण का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके और परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।


