TRENDING TAGS :
Mainpuri News: होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, छेना समेत कई एक्सपायरी उत्पाद किए नष्ट
Mainpuri News: करहल चौराहा समेत कई स्थानों पर छापेमारी, 20 किलो दूषित छेना सहित चटनी, एक्सपायरी नमकीन और कोल्ड ड्रिंक्स नष्ट, नमूने जांच को भेजे गए।
होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, छेना समेत कई एक्सपायरी उत्पाद किए नष्ट (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के साथ मिलावटखोरी की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देश पर मैनपुरी में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत करहल चौराहा क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों पर सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद मौके पर ही कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में दूषित और एक्सपायरी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
जांच टीम ने स्टेशन के सामने स्थित एक मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया, जहां लगभग 20 किलो दूषित छेना बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 4000 रुपये बताई गई। छेने के डिब्बों में मरे हुए कीड़े पाए जाने से मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने तत्काल उक्त छेना नष्ट करने के निर्देश दिए और खोए का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।
इससे पहले एक अन्य दुकान पर करीब 10 किलो दूषित चटनी मिली, जिसकी कीमत लगभग 2000 रुपये आंकी गई। इसे भी मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, रठेरा स्थित शैलेंद्र किराना स्टोर पर बिक्री के लिए रखे लगभग 210 पैकेट एक्सपायरी डेट की नमकीन (कीमत करीब 1000 रुपये) नष्ट कराई गई। रजत राज कोल्ड ड्रिंक्स पर 22 बोतल एक्सपायरी थम्सअप (लगभग 440 रुपये) को भी नष्ट किया गया।
सभी दुकानों पर सचल खाद्य प्रयोगशाला द्वारा मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. श्वेता सेनी के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


