TRENDING TAGS :
Mainpuri News: लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन
Mainpuri News: मैनपुरी में लोकमाता की 301वीं जयंती के अवसर पर 6 जून को भव्य शोभायात्रा और विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कई मंत्री और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में 6 जून को भव्य शोभायात्रा एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री बलवीर सिंह धनगर ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। साथ ही सर्व समाज के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
बलवीर सिंह धनगर ने बताया कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती इस वर्ष पूरे उत्साह, श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ 6 जून को सुबह 9 बजे नवीन मंडी स्थल, आगरा रोड से होगा। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर लोकमाता देवी अहिल्याबाई चौक, गोला बाजार पहुंचेगी। वहां लोकमाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात विशाल जनसभा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अजीत सिंह पाल, अखिल भारतीय पाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश सिंह पाल, अपना दल के राष्ट्रीय बौद्धिक मंच के अध्यक्ष हौसला प्रसाद पाल, भाजपा कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, विधायक पूजा पाल तथा टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर सहित कई प्रमुख हस्तियां कार्यक्रम में भाग लेंगी।
प्रेस वार्ता के दौरान बलवीर सिंह धनगर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, सुशासन, जनसेवा और नारी शक्ति की अद्वितीय प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।प्रेस वार्ता में महाराज सिंह पाल, अरविंद कुमार पाल, चंद्रपाल सिंह पाल, मनोज कुमार पाल, मनजीत कुमार पाल, गौरव पाल, बृजेश कुमार पाल तथा मुनींद्र सिंह पाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। यह आयोजन सामाजिक समरसता और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।


