TRENDING TAGS :
Mainpuri News : मैनपुरी में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप, किसान ने एसएसपी से लगाई गुहार
Mainpuri News : मैनपुरी में किसान ने पुश्तैनी कृषि भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए एसएसपी से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।
Mainpuri Land Dispute News
Mainpuri News: मैनपुरी के घिरोर तहसील क्षेत्र के ग्राम कल्होरपुवां में एक किसान की पुश्तैनी कृषि भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित किसान ने पूर्व सांसद एवं उनके समर्थकों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।ग्राम कल्होरपुवां निवासी किसान सुग्रीव के अनुसार गाटा संख्या 572 और 567 उसकी पुश्तैनी कृषि भूमि है, जो उसे पूर्वजों से विरासत में प्राप्त हुई है।
किसान का कहना है कि वर्तमान समय में उक्त भूमि पर उसका कब्जा है और वह वर्षों से खेती करता आ रहा है। आरोप है कि वर्ष 2025 में राजस्व विभाग की कथित अवैधानिक प्रक्रिया के तहत उसका नाम खतौनी से हटाकर पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया की पत्नी सहित अन्य लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए किसान ने बताया कि इस आदेश के खिलाफ उसने आगरा मंडल आयुक्त न्यायालय में अपील दायर की थी। न्यायालय द्वारा संबंधित आदेश पर स्थगन (स्टे) भी प्रदान कर दिया गया है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा भूमि पर कब्जा करने की कोशिश लगातार जारी है।
पीड़ित किसान का आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ लोग जेसीबी और स्कॉर्पियो वाहन लेकर उसके खेत पर पहुंचे। उन्होंने खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। जब किसान के परिजनों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक टिप्पणियां भी की गईं। किसान ने तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस सहायता मांगी।
शिकायत में मनोज यादव, राजेश यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं। किसान का आरोप है कि सभी लोग जमीन पर कब्जा करने की नीयत से खेत पर पहुंचे थे। हालांकि पुलिस वाहन के मौके पर पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।पीड़ित किसान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसकी पुश्तैनी भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश को तत्काल रोका जाए तथा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस प्रशासन शिकायत की जांच में जुटा हुआ है।


