Mainpuri News : कूड़ा निस्तारण केंद्र पर डीएम सख्त, आग-धुएं की घटनाओं पर कार्रवाई के निर्देश

Mainpuri News : मैनपुरी में डीएम ने कूड़ा निस्तारण केंद्र का निरीक्षण कर आग और धुएं की घटनाओं पर सख्ती दिखाई, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश।

Ashraf Ansari
Published on: 2 Jun 2026 8:45 PM IST
Mainpuri News : कूड़ा निस्तारण केंद्र पर डीएम सख्त, आग-धुएं की घटनाओं पर कार्रवाई के निर्देश
X

Mainpuri Waste Disposal Center Inspection

Mainpuri News : मैनपुरी जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण एवं रेमिडिएशन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए तथा कूड़ा निस्तारण केंद्र पर आग लगने और धुआं निकलने की घटनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया।

जिलाधिकारी ने कहा कि कूड़ा निस्तारण का उद्देश्य केवल कचरे का निपटान करना नहीं है, बल्कि उससे उपयोगी संसाधन तैयार कर नगर पालिका की आय बढ़ाना भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि रेमिडिएशन प्रक्रिया से निकलने वाले आरडीएफ (Refuse Derived Fuel), जैविक खाद और अन्य उत्पादों का अलग-अलग रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि उनके उत्पादन, उपयोग और बिक्री का पूरा विवरण उपलब्ध रहे।

निरीक्षण के दौरान ट्रॉमल मशीन के संचालन और कचरे के वैज्ञानिक पृथक्करण की भी समीक्षा की गई। डीएम ने शत-प्रतिशत कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि उपयोगी सामग्री को अलग-अलग संग्रहित किया जाए। उन्होंने बताया कि आरडीएफ का उपयोग सीमेंट उद्योगों और बिजली उत्पादन संयंत्रों में ईंधन के रूप में किया जाता है, जिससे नगर पालिका को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है।

जिलाधिकारी ने जैविक अपशिष्ट से कम्पोस्ट खाद और बायोफर्टिलाइजर तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने तैयार खाद की पैकिंग कर बिक्री करने तथा आवश्यकता पड़ने पर किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे कृषि क्षेत्र को लाभ मिलने के साथ-साथ नगर पालिका की आय में भी वृद्धि हो सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कूड़ा निस्तारण केंद्र पर आग लगने और धुआं निकलने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियमित पानी के छिड़काव, पर्याप्त श्रमिकों की तैनाती और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने नगर पालिका को एक जिम्मेदार अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए, जो प्रतिदिन कार्यों की प्रगति, तैयार उत्पादों की मात्रा, उनके निस्तारण और बिक्री का सत्यापन करेगा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी बुद्ध प्रकाश सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story