TRENDING TAGS :
Mainpuri News: भैंस को लेकर शुरू हुआ विवाद, लूट के आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
Mainpuri News: मैनपुरी में भैंस को लेकर शुरू हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पीड़िता ने लूट और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के नगला धनी गांव में भैंस को लेकर शुरू हुआ एक विवाद मारपीट, गंभीर चोट और लूट के आरोपों तक पहुंच गया। मामले में पीड़ित महिला ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
यहां जिले के नगला धनी निवासी सुनीता पत्नी राजपाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 29 मई की सुबह करीब नौ बजे वह अपनी भैंस को आबादी क्षेत्र में बांधने के लिए ले जा रही थीं। इसी दौरान भैंस हाथ से छूटकर गांव निवासी ब्रंट सिंह के स्थान पर पहुंच गई। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने भैंस को पीटना शुरू कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
पीड़िता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ब्रंट सिंह, कौशल, मोहित, राजपाल, अनीता, जागेश्वर समेत अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, जिससे उन्हें चोटें आईं।
वहीं शोर-शराबा सुनकर उनका बेटा सोनू मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने सोनू के साथ भी मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि उसके बेटे के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और गहरा घाव हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
वहीं इस मामले में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके कानों से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की झुमकियां भी खींच ली गईं। घटना के बाद गांव के कुछ लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी पक्ष लगातार उनके परिवार पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
सुनीता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।


