TRENDING TAGS :
Mainpuri News: गंग नहर में मिले अज्ञात शव का सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने कराया अंतिम संस्कार, सराहना
Mainpuri News: मैनपुरी में गंग नहर से मिले अज्ञात शव का नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन द्वारा अंतिम संस्कार कराया गया। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: उत्तर [प्रदेश के मैनपुरी जिले के थाना किशनी क्षेत्र के रामनगर स्थित निचली गंग नहर में मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव का नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने मानवता का परिचय देते हुए पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। पुलिस द्वारा पहचान के लिए किए गए प्रयासों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी और न ही कोई परिजन सामने आया। इसके बाद फाउंडेशन ने आगे बढ़कर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर स्थित निचली गंग नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए। आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित की गई तथा संभावित परिजनों की तलाश की गई, लेकिन कई दिनों तक इंतजार करने के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। कोई दावेदार सामने न आने पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने शव के अंतिम संस्कार का निर्णय लिया।
फाउंडेशन के सदस्यों ने हिंदू रीति-रिवाजों और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार अज्ञात व्यक्ति का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारी, सदस्य तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे। संस्था के सदस्यों ने बताया कि किसी भी व्यक्ति की पहचान चाहे ज्ञात हो या अज्ञात, उसकी गरिमा और सम्मान बनाए रखना समाज का कर्तव्य है।
फाउंडेशन के सदस्य अतुल सक्सेना ने कहा कि, संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की सहायता करना भी है। उन्होंने बताया कि, यह संस्था अब तक 60 अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर चुकी है और आगे भी ऐसे मानवीय कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की अंतिम विदाई सम्मानजनक तरीके से होना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। संस्था समाजसेवा के विभिन्न कार्यों में लगातार सक्रिय है और भविष्य में भी जरूरतमंदों के सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन में पुलिस प्रशासन, अधिवक्ता, समाजसेवी और पत्रकार समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोग जुड़े हुए हैं। अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शैलू राठौर, अतुल सक्सेना, प्रवीण पाण्डेय, अरुण यादव, अनुभव सक्सेना, कीर्ति मोहन सिंह, सूजन चौहान, डॉ. अवनीश, गोविंद दिवाकर, दीपक श्रीवास्तव तथा किशनी थाना पुलिस के जवान मौजूद रहे। संस्था के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।


