TRENDING TAGS :
Noida Deepika Death Case: ग्रेटर नोएडा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
Noida Deepika Death Case: ग्रेटर नोएडा से दहेज हत्या का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है।
Noida Deepika Death Case
Noida Deepika Death Case: प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दहेज हत्या का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को छत से फेंककर मार डाला गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
14 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा गांव निवासी ऋतिक के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। कुड़ी खेड़ा गांव के निवासी दीपिका के पिता संजय नगर ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में काफी होनहार थी। उसने बीए और बीएड की पढ़ाई पूरी की थी। परिवार ने शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे और भविष्य के कई सपने देखे थे। परिजनों के मुताबिक शादी के दौरान दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी, लगभग 50 लाख रुपये का सोना और अन्य महंगे सामान दिए गए थे। इसके बाद भी ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं।
दहेज को लेकर लगातार दबाव
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दीपिका पर फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर पीड़ा साझा कर चुकी थी। वह बताती थी कि ससुराल में उसे ताने दिए जाते हैं और दहेज को लेकर लगातार दबाव बनाया जाता है। परिवार ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। 17 मई को अचानक दीपिका की मौत की खबर उसके परिवार को मिली।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग जलपुरा गांव पहुंचे, जहां बेटी की मौत की खबर सुनकर घर में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि दहेज की लगातार मांग और प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


