Mathura News: मथुरा पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा के कद्दावर नेता को दिलाई सदस्यता

Mathura News Today: भाजपा में रहे कद्दावर नेता कुंवर सिंह निषाद को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।

Nitin Gautam
Published on: 18 Dec 2022 10:44 PM IST
Mathura News
X

मथुरा पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी

Mathura News: कान्हा की नगरी में निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा को जोर का झटका धीरे से दे दिया है। भाजपा में रहे कद्दावर नेता कुंवर सिंह निषाद को कांग्रेस में शामिल कर कांग्रेस ने मथुरा वृंदावन में अपनी पकड़ को मजबूत कर लिया है। कुंवर सिंह निषाद को प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। मथुरा के औरंगाबाद इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा के कद्दावर नेता कुंवर सिंह निषाद को कांग्रेस की सदस्यता देते हुए पार्टी में शामिल किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर बयान देते हुए कहा कि जिसने देश के बारे में सोचा वह भाजपा में कभी नहीं रह सकता।

चीन और मंदिर के मुद्दे पर दिए गोलमोल जवाब

मीडिया से मुखातिब हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी से जब पत्रकारों ने सवाल किया कि चीन के मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान को लेकर भाजपा उन पर सेना का मनोबल गिराने की बात कह रही है इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश बिक रहा है और कांग्रेस बचाए भी न। अगर देश बिकने से रोकने की बात करे तो देश द्रोह है। चीन देश की जमीन पर कब्जा कर रहा है और देश के प्रेमी लोग इस बात को नहीं कहेंगे तो कौन कहेगा। श्री कृष्ण जन्मस्थान शाही ईदगाह मामले को लेकर कांग्रेस का स्टंट क्या है इस पर बृजलाल खाबरी ने कहा कि भाजपा पर इसके अलावा क्या है। भाजपा गरीबी,बेरोजगारी,बीमारियों के बारे में सोचने की बजाय केवल मंदिर मस्जिद पर ही सोचती रहती है।

कांग्रेस का पटका पहनाकर दिलाई सदस्यता

मथुरा के औरंगाबाद क्षेत्र स्थित दामोदरपुरा के होली पार्क में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने भाजपा नेता कुंवर सिंह निषाद और उनके समर्थकों को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई। सदस्यता समारोह में सबसे पहले कुंवर सिंह निषाद और उनकी पत्नी को कांग्रेस का पटका पहनाकर सदस्यता दिलवाई गई इसके बाद समर्थकों ने कांग्रेस की सदस्यता ली।

सदस्यता ग्रहण समारोह में झलका कुंवर सिंह निषाद का दर्द

कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले कुंवर सिंह निषाद ने उद्बोधन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह गोकुल बैराज कांड में 3 महीने तक जेल में रहे लेकिन भाजपा के किसी नेता ने उनकी मदद नहीं की। उद्बोधन के दौरान कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन भाजपा के लिए समर्पित किया था लेकिन प्रदेश नेतृत्व लगातार उनकी उपेक्षा कर रहा था। अब वह कांग्रेस के साथ हैं और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसका निर्वाहन करेंगे।

Nitin Gautam
ABOUT THE AUTHOR

Nitin Gautam

Next Story