TRENDING TAGS :
Mathura News: हर्निया ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, आरोप पर अस्पताल में हंगामा, कार्रवाई की मांग
Mathura News: हर्निया ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत से अस्पताल में हंगामा मच गया। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड के एक निजी अस्पताल में हर्निया ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत होने पर मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आसफाबाद के यादव नगर निवासी राजेश कुमार (46) ने दो दिन पूर्व स्टेशन रोड स्थित ओम हॉस्पिटल में हर्निया का ऑपरेशन कराया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से उचित उपचार नहीं किया गया। आरोप है कि इसी दौरान मरीज की मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का यह भी कहना है कि मरीज की गंभीर स्थिति के बावजूद अस्पताल प्रबंधन उन पर छुट्टी कराने का दबाव बना रहा था। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए तथा अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के दौरान परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।
खबर लिखे जाने तक मृतक का शव अस्पताल में ही रखा हुआ था तथा पुलिस मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।


