TRENDING TAGS :
Mathura News: पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुआ मंथन, गुमराह करने वाली संस्थाओं से सतर्क रहें
Mathura News: जिला भूतपूर्व सैनिक संघ की बैठक में समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर दिया गया। पूर्व सैनिकों से गुमराह करने वाली संस्थाओं से सतर्क रहने की अपील की गई।
पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुआ मंथन, गुमराह करने वाली संस्थाओं से सतर्क रहें (Photo- Newstrack)
Mathura News: मथुरा। जिला भूतपूर्व सैनिक संघ की बैठक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में कैप्टन जवाहरलाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल ए.के. सिंह ने पूर्व सैनिकों से कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की व्यक्तिगत समस्या है तो उसे सैनिक बंधु बैठक से पहले लिखित रूप में सैनिक कल्याण कार्यालय में जमा कराएं। इससे संबंधित समस्याओं का समय रहते समाधान कराया जा सकेगा और अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई करने में सुविधा होगी।
कुछ संस्थाएं पूर्व सैनिकों को भ्रमित करने का कर रहीं हैं प्रयास
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश इंडियन एक्स सर्विसेज के कोऑर्डिनेटर खेमचंद शर्मा नागेश ने कहा कि जिला भूतपूर्व सैनिक संघ, मथुरा इंडियन एक्स सर्विसेज नई दिल्ली से संबद्ध संस्था है और पूर्व सैनिकों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि कुछ संस्थाएं पूर्व सैनिकों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में सभी पूर्व सैनिकों को सावधानी बरतनी चाहिए तथा किसी भी जानकारी की सत्यता की जांच करने के बाद ही उस पर विश्वास करना चाहिए।
बैठक में एसबीआई लाइफ के एजेंसी मैनेजर विराज चतुर्वेदी ने पूर्व सैनिकों को जीवन बीमा योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न बीमा योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए उपस्थित लोगों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
बैठक में उपस्थित रहे
कार्यक्रम में प्रेम सिंह, बृज सिंह पांडव, मनोज कुलश्रेष्ठ, उदयभान, श्याम सुंदर, प्रवीण पाल एडवोकेट, जयपाल सिंह, सूबेदार यादव, राधाचरण, अमरचंद, धर्मवीर, शिवचरण, वीर नारी सीमा, त्रिवेणी, सुधा, रचना तथा कुमारी शशि सहित अनेक पूर्व सैनिक और उनके परिजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पूर्व सैनिकों के कल्याण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।


