Mathura News : मथुरा बस डिपो में भ्रष्टाचार के आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Mathura News : मथुरा रोडवेज बस डिपो में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, कर्मचारियों ने जांच की उठाई मांग

Amit Sharma
Published on: 31 May 2026 7:29 PM IST
Mathura News :   मथुरा बस डिपो में भ्रष्टाचार के आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
X

Mathura News : मथुरा रोडवेज बस डिपो के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में परिचालकों की ओर से डिपो के एआरएम बृजमोहन शर्मा और टीआई नवनीत चौधरी पर संगीन आरोप लगाए गए हैं।

वायरल वीडियो में परिचालकों का कहना है कि टिकट जारी होने के बाद भी अधिकारियों द्वारा डब्ल्यूटी (बिना टिकट यात्रा) का डर दिखाकर उन्हें परेशान किया जाता है। आरोप है कि विभिन्न डिपो की बसों को रास्ते में रोककर चालक-परिचालकों पर दबाव बनाया जाता है और उनसे अवैध वसूली की जाती है। परिचालकों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से कर्मचारियों में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है।

वीडियो में कुछ परिचालकों ने यह भी आरोप लगाया कि एआरएम बृजमोहन शर्मा कथित तौर पर यह कहते हैं कि उनकी नौकरी का समय बहुत कम बचा है और वह इसी तरह काम करते रहेंगे। इन आरोपों के सामने आने के बाद रोडवेज कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है। चालक और परिचालकों का कहना है कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं।

कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अधिकारियों द्वारा वास्तव में अवैध वसूली और उत्पीड़न किया जा रहा है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की है।

हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि हो सकी है। अभी तक संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर रोडवेज कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। अब सभी की नजर परिवहन विभाग की संभावित जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story