TRENDING TAGS :
Mathura News: दुकान पर हमला, व्यापारी से मारपीट और जान से मारने की धमकी
Mathura News: मथुरा के गोविंद नगर में व्यापारी मोहनश्याम पर दुकान में घुसकर जानलेवा हमला और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है।
Mathura News: थाना हाईवे क्षेत्र की अमर कॉलोनी निवासी मोहनश्याम ने कुछ नामजद और अज्ञात लोगों पर दुकान में घुसकर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहनश्याम के अनुसार वह गोविंद नगर स्थित अपनी दुकान पर ग्राहकों को दूध दे रहा था। आरोप है कि 2 जून की रात करीब 10 बजे आनंद राणा, साधु, पप्पू, राठी और उनके साथ आए पांच अन्य लोग दुकान पर पहुंचे। आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मोहनश्याम ने इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने दुकान का सामान बिखेर दिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उसे दुकान से नीचे खींच लिया गया और गला दबाने का प्रयास किया गया। मारपीट में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
शोर सुनकर मोहनश्याम के भाई खजान और सूरजपाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और गाली-गलौज की। पीड़ित का कहना है कि एक आरोपी ने लाइसेंसी हथियार दिखाकर डराने का प्रयास किया तथा हथियार की बट से सिर पर वार किया।
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी वहां से भाग गए, लेकिन जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


