TRENDING TAGS :
Mathura News: मथुरा में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर सपा का जोरदार प्रदर्शन
Mathura News: मथुरा में समाजवादी पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने जनहित के मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
Mathura News: समाजवादी पार्टी ने बुधवार को बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, पेपर लीक और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता बैलगाड़ी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत न मिलने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर भी पड़ रहा है।ज्ञापन में सपा नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं को गंभीर बताते हुए दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। सपा ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। पार्टी ने फसलों का उचित मूल्य दिलाने, बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को 70 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
सपा नेताओं ने बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने और उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिलों में राहत देने की भी मांग की। उनका कहना था कि बढ़ते बिजली खर्च से आम उपभोक्ता और किसान दोनों परेशान हैं।प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद आम जनता को पेट्रोल और डीजल के दामों में राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से ईंधन की कीमतें कम करने की मांग की।सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।


