TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में 30 करोड़ की छात्रवृत्ति योजना, 40% राशि जारी, हजारों छात्रों को मिलेगा फायदा
Meerut News: मेरठ में छात्रवृत्ति योजना के तहत 30 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। 40% राशि जारी होने के बाद हजारों छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता मिलेगी और शेष बजट मिलने पर अधिक विद्यार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना बड़ी राहत बनकर सामने आई है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से इस वित्तीय वर्ष में मेरठ जिले के छात्र-छात्राओं को 30 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की जाएगी। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहयोग देना और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान करना है। समाज कल्याण विभाग के अनुसार छात्रवृत्ति दो श्रेणियों में दी जाती है।
पहली श्रेणी पूर्व दशम छात्रवृत्ति की है, जिसके तहत कक्षा 9 और 10 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को लाभ मिलता है। दूसरी श्रेणी दशमोत्तर छात्रवृत्ति की है, जिसमें कक्षा 11 से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर तथा तकनीकी पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिले में पूर्व दशम छात्रवृत्ति के लिए सामान्य वर्ग के 783 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के हजारों छात्र-छात्राएं भी योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वहीं दशमोत्तर छात्रवृत्ति के अंतर्गत सामान्य वर्ग के 8,820 और अनुसूचित जाति वर्ग के 11,111 विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना की लगभग 40 प्रतिशत धनराशि का आवंटन हो चुका है।
शेष 60 प्रतिशत राशि केंद्रांश के रूप में प्राप्त होनी है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक अनुसूचित जाति वर्ग के 1,800 से अधिक नए विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जिन्हें पात्रता के आधार पर लाभार्थियों की सूची में शामिल किया जाएगा। छात्रवृत्ति के लिए ये शर्तें जरूरी विभाग के अनुसार छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए छात्र, पिता और माता का नाम हाईस्कूल की अंकतालिका और आधार कार्ड में समान होना चाहिए। जन्मतिथि भी दोनों दस्तावेजों में एक जैसी दर्ज होनी चाहिए। इसके अलावा आधार कार्ड का बैंक खाते से लिंक होना अनिवार्य है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों में किसी प्रकार की विसंगति होने पर आवेदन निरस्त हो सकता है।


