Meerut News: ड्रोन उड़ाने वालों पर पुलिस की नजर, कैंट में शुरू हुआ बड़ा सत्यापन अभियान

Meerut News: कैंट सर्किल पुलिस ने ड्रोन संचालकों और मालिकों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। सदर बाजार, लालकुर्ती और रेलवे रोड थानों में टीमें गठित कर ड्रोन गतिविधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

Sushil Kumar
Published on: 3 Jun 2026 9:25 PM IST (Updated on: 3 Jun 2026 9:31 PM IST)
Meerut News: ड्रोन उड़ाने वालों पर पुलिस की नजर, कैंट में शुरू हुआ बड़ा सत्यापन अभियान
X

Meerut News: सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कैंट सर्किल पुलिस ने ड्रोन संचालकों और ड्रोन मालिकों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना सदर बाजार, लालकुर्ती और रेलवे रोड में तीन-तीन विशेष टीमों का गठन कर ड्रोन गतिविधियों की निगरानी तेज कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गठित टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पहली टीम सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखेगी। दूसरी टीम शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में ड्रोन से की जाने वाली वीडियोग्राफी का सत्यापन करेगी, जबकि तीसरी टीम बिना पंजीकरण अथवा बिना अनुमति के ड्रोन रखने वाले व्यक्तियों की जांच करेगी।

अभियान के तहत थाना सदर बाजार में कई ड्रोन संचालकों और मालिकों को बुलाकर उनके उपकरणों, उपयोग के उद्देश्य और संचालन संबंधी जानकारी का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि कुछ कृषि अनुसंधान केंद्र कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले बड़े ड्रोन के संचालन का प्रशिक्षण दे रहे हैं। पुलिस अब ऐसे प्रशिक्षुओं का भी सत्यापन करेगी ताकि ड्रोन संचालन पूरी तरह नियमों के अनुरूप हो सके।

सत्यापन के दौरान कंटेंट क्रिएशन, वेडिंग फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से जुड़े कई ड्रोन संचालकों ने अपने उपकरणों और कार्यों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिकांश संचालक वैध और व्यावसायिक उद्देश्यों से ड्रोन का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सभी का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।

कैंट सर्किल पुलिस का कहना है कि ड्रोन तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इसके सुरक्षित एवं जिम्मेदार संचालन को सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से तीनों थानों में गठित टीमें लगातार सत्यापन अभियान चला रही हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध ड्रोन संचालन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान आधुनिक तकनीक के सुरक्षित उपयोग और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story