TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ कैंट के ऊपर मंडराए संदिग्ध ड्रोन, सेना-पुलिस अलर्ट; हाई लेवल जांच शुरू
Meerut News: मेरठ कैंट क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद सेना और पुलिस अलर्ट हो गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई लेवल जांच शुरू कर दी है।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के संवेदनशील सैन्य क्षेत्र कैंट के ऊपर संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सेना और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच में जुटी है। हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में जासूसी और संवेदनशील ठिकानों की निगरानी से जुड़े मामलों को देखते हुए इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 30 मई की शाम छावनी क्षेत्र के ऊपर कुछ ड्रोन कैमरे उड़ते हुए दिखाई देने की सूचना सेना और स्थानीय पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही सैन्य अधिकारियों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जांच के दौरान सरधना रोड, कंकरखेड़ा, आरवीसी सेंटर और गंगानगर समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान की जा सके। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को भी दिन और रात के समय कुछ संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने की सूचना मिली, जिसके बाद संबंधित थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की सर्विलांस टीम, सोशल मीडिया सेल और अन्य विशेषज्ञ इकाइयों को जांच में लगाया गया। सेना पुलिस, स्थानीय पुलिस और जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीम लगातार जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ एक हाई लेवल बैठक भी आयोजित की गई है।
भोंसले ने स्पष्ट किया कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में दो ड्रोन गिराए जाने की बात कही गई है, लेकिन सेना के अधिकारियों ने इसका खंडन किया है। फिलहाल ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित सैन्य क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


