Meerut News: अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर मेरठ में बड़ी कार्रवाई, 20 दुकानदारों को नोटिस

Meerut News: मेरठ के ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 20 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।

Sushil Kumar
Published on: 3 Jun 2026 8:57 PM IST
Meerut News: अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर मेरठ में बड़ी कार्रवाई, 20 दुकानदारों को नोटिस
X

Meerut News

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मेरठ पुलिस, यातायात विभाग और परिवहन विभाग ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की। थाना टीपीनगर क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्टनगर में सड़क किनारे रखी गई निर्माण सामग्री और अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे आमजन के आवागमन में होने वाली परेशानी को कम करने का प्रयास किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक यातायात ने किया। अभियान में एआरटीओ, थाना टीपीनगर पुलिस, यातायात पुलिस और अन्य पुलिस बल शामिल रहे। अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में निरीक्षण कर उन स्थानों को चिह्नित किया, जहां सड़क किनारे रोड़ी, डस्ट, रेत और अन्य निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान निर्माण सामग्री का कारोबार करने वाली करीब 20 दुकानों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत नोटिस जारी किए गए। वहीं सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन प्रभावित करने वाली 12 दुकानों के सामने किए गए अवैध कब्जे बुलडोजर की सहायता से हटवाए गए।संयुक्त टीम ने इसके बाद हापुड़ अड्डा क्षेत्र में विशेष यातायात जांच अभियान भी चलाया। जांच के दौरान बिना वैध परमिट संचालित पाए गए दो वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चार अन्य वाहनों के चालान किए गए।

अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने व्यापारियों और वाहन चालकों से नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की अपील की है।प्रशासन का मानना है कि नियमित कार्रवाई से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story