Meerut News: पार्क सुरक्षा और सार्वजनिक शराबखोरी पर भाजपा नेता अंकित चौधरी ने एसपी से की मुलाकात

Meerut News: सूरजकुंड पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी की शिकायत को लेकर भाजपा नेता अंकित चौधरी ने एसपी सिटी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।

Shravan Kumar
Published on: 2 Jun 2026 5:45 PM IST
Meerut News
X

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकित चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी से मुलाकात कर शहर से जुड़े दो अहम मुद्दों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने सूरजकुंड पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और शहर के विभिन्न इलाकों में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने की शिकायत उठाई।

अंकित चौधरी ने कहा कि सूरजकुंड पार्क मेरठ का सबसे बड़ा और प्रमुख सार्वजनिक पार्क है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सैर और मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से पार्क में भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। पार्क के आसपास कई धार्मिक स्थल स्थित हैं, जबकि पीछे की ओर क्षतिग्रस्त दीवार के कारण असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है। उन्होंने पार्क की सुरक्षा मजबूत करने, टूटी दीवार की मरम्मत कराने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनके अनुसार बेगमपुल, इंडियाना बार के आसपास, लालकुर्ती, विक्टोरिया पार्क, जेल चुंगी, हापुड़ अड्डा, मेट्रो प्लाजा, कंकरखेड़ा और शुभारती क्षेत्र समेत कई स्थानों पर लोग वाहनों और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीते देखे जाते हैं। इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अंकित चौधरी ने बताया कि एसपी सिटी ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में रिंकू वर्मा, दिनेश कोरी, सौरभ पंडित, अमित वर्मा, सौरभ अत्री, शुभम अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Shravan Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Shravan Kumar

Experience - 10 Years Print Media

Next Story