TRENDING TAGS :
Meerut News: पोलैंड से लौटे युवक पर जांच पूरी, नहीं मिले संदिग्ध संबंध
Meerut News: मेरठ में संदिग्ध हालात में मिले तमिलनाडु निवासी की जांच में पुलिस को कोई आपराधिक या राष्ट्रविरोधी कनेक्शन नहीं मिला, वित्तीय जांच जारी है।
पोलैंड से लौटे युवक पर जांच पूरी, नहीं मिले संदिग्ध संबंध (Photo- Newstrack)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के थाना रेलवे रोड क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले एक व्यक्ति को लेकर उठे सवालों पर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि अब तक की जांच में उसके किसी भी आपराधिक, संदिग्ध अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल होने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार 31 मई को सेना पुलिस (सीएमपी) एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में थाना रेलवे रोड लेकर पहुंची थी। व्यक्ति नशे की हालत में प्रतीत होने पर उसका चिकित्सीय परीक्षण और उपचार कराया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बालसिंघम प्रभाकरण निवासी तमिलनाडु बताया।
तमिलनाडु जाने के बजाय गलती से पहुंचा मेरठ
उसने पुलिस को बताया कि वह पोलैंड में कार्यरत था, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद वहां की प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उसे भारत वापस भेज दिया गया। एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद नशे का सेवन करने के कारण वह भ्रमित हो गया और तमिलनाडु जाने के बजाय गलती से मेरठ पहुंच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे रोड पुलिस ने विशेष जांच टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, एयरपोर्ट अधिकारियों से जानकारी जुटाई तथा उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच की। प्रारंभिक जांच में व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारी की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों को भी मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक पूछताछ कराई। अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में व्यक्ति की किसी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्तता नहीं मिली है। हालांकि एहतियात के तौर पर उसके वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि उक्त व्यक्ति के साथ रेलवे रोड क्षेत्र में किसी प्रकार की मारपीट, लूटपाट या अन्य आपराधिक घटना नहीं हुई है। मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


