Meerut News: अपराधियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, पांच माह में 194 इनामी गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए पांच माह में 194 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।

Sushil Kumar
Published on: 3 Jun 2026 3:21 PM IST
Meerut News
X

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ रेंज पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 194 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। रेंज स्तर पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिलों की पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

डीआईजी मेरठ रेंज के अनुसार गिरफ्तार किए गए इनामी अपराधियों में 50 हजार रुपये के 19, 25 हजार रुपये के 120, 20 हजार रुपये के 17, 15 हजार रुपये के 10, 10 हजार रुपये के 27 और पांच हजार रुपये का एक इनामी शामिल है। इन सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो मेरठ जिला 77 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ सबसे आगे रहा। वहीं बुलंदशहर पुलिस ने 76 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। बागपत में 26 और हापुड़ में 15 इनामी अपराधियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार निगरानी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया गया। कई मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। डीआईजी ने रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि शेष फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज किया जाए। उन्होंने जनपद प्रभारियों से अपराधियों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाने पर भी विचार करने को कहा है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि फरार इनामी अपराधियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से अपराधियों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story