TRENDING TAGS :
Meerut News: प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, कार में मिला शव
Meerut News: मेरठ-हापुड़ सीमा पर हाईवे किनारे कार में मिला तुषार त्यागी का शव, सिर में गोली के निशान। पुराने विवाद और लेन-देन के एंगल से जांच में जुटी पुलिस।
प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, कार में मिला शव (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ,2 जून। उत्तर प्रदेश के मेरठ और हापुड़ की सीमा से सटे क्षेत्र में 23 वर्षीय किसान एवं प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हापुड़ जिले के दयोमी गांव निवासी तुषार का शव मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के कैली गांव के पास हाईवे किनारे खड़ी एक कार के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर में गोली लगी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 1/2 जून की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि तुषार की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस, क्राइम टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मंगलवार को बताया कि जांच के दौरान हापुड़ जिले के दयोमी गांव में भी पड़ताल की गई। जानकारी मिली कि तुषार अपने परिचित अरविंद और बिट्टू त्यागी के साथ किसी काम से घर से निकला था। पुलिस को अरविंद त्यागी के घर के बाहर खून के निशान भी मिले हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित कर लिया गया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तुषार का गांव के ही अरविंद और तरुण त्यागी से पहले से विवाद चल रहा था। इसी आधार पर पुलिस पुराने विवाद, लेन-देन और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तुषार त्यागी खेती-बाड़ी के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी अचानक हुई हत्या से परिवार और गांव के लोगों में गहरा आक्रोश है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


