TRENDING TAGS :
Mirzapur News: मिर्जापुर जंगल में 9 वर्षीय बालिका का शव मिला, जांच लिए पांच टीमें गठित
Mirzapur News: मड़िहान के देवरी कलां जंगल में 9 वर्षीय बालिका का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शरीर पर चोट के निशान मिले, पहचान और खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गईं।
मिर्जापुर जंगल में 9 वर्षीय बालिका का शव मिला, जांच लिए पांच टीमें गठित (Photo- Newstrack)
Mirzapur News: मिर्जापुर: मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कलां जंगल में मंगलवार को एक 9 वर्षीय बालिका का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बालिका के शरीर, चेहरे और हाथों पर चोट के निशान पाए जाने से घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
बालिका का शव मिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि देवरी कलां के समीप स्थित जंगल में एक 8 से 10 वर्षीय बालिका का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कहानी लिखे जाने तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस का कहना है कि बालिका की पहचान और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए सर्विलांस समेत पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। राजकुमार मीणा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतका की पहचान होने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


