Mirzapur News: जिम की आड़ में धर्मांतरण गैंग का पर्दाफाश, 25 हजार का इनामिया गिरफ्तार

Mirzapur News: मीरजापुर में जिम की आड़ में धर्मांतरण, यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामिया जिम संचालक अशफाक उर्फ लकी खान और साहिल अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

Brijendra Dubey
Published on: 14 March 2026 8:51 PM IST
Conversion gang under Jim guise exposed, Inamia arrested for Rs 25,000
X

जिम की आड़ में धर्मांतरण गैंग का पर्दाफाश, 25 हजार का इनामिया गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Mirzapur News: मीरजापुर जिले में जिम की आड़ में धर्मांतरण, ब्लैकमेलिंग और यौन उत्पीड़न से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी जिम संचालक अशफाक खान उर्फ लकी खान और उसके सौतेले भाई साहिल अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार वार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह संगठित गिरोह जिम में आने वाली युवतियों को निशाना बनाकर उनके साथ ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस अधीक्षक ने किया मामले का खुलासा

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मीरजापुर में सामने आए इस जिम धर्मांतरण प्रकरण की जांच काफी समय से चल रही थी। इस केस में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी अशफाक खान उर्फ लकी खान फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

देहात कोतवाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लकी खान अपने सौतेले भाई साहिल अहमद के साथ इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जिम में आने वाली महिलाओं को बनाया जाता था निशाना

जांच में सामने आया है कि आरोपी जिम की आड़ में एक संगठित गिरोह चलाते थे। जिम में आने वाली युवतियों और महिलाओं से पहले दोस्ती की जाती थी और फिर उन्हें जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद उनकी तस्वीरें और वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड किए जाते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा इन फोटो और वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील बनाया जाता था। फिर इन सामग्रियों के आधार पर पीड़ित महिलाओं को ब्लैकमेल किया जाता था। ब्लैकमेलिंग के जरिए उनसे धर्मांतरण कराने, यौन उत्पीड़न करने और पैसे की उगाही करने के आरोप भी सामने आए हैं।

दो पीड़िताओं की शिकायत से खुला मामला

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दो पीड़ित महिलाओं ने देहात कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि जिम संचालकों और ट्रेनरों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने एक-एक कर जिम संचालकों, ट्रेनरों और इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया।

कई जिम किए गए सील

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क कई जिम के जरिए संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने केजीएन 1, केजीएन 2, केजीएन 3 और फिट जी समेत कुल पांच जिम को सील कर दिया।

इन जिमों में कथित तौर पर युवतियों को फंसाने और ब्लैकमेलिंग का पूरा तंत्र चलाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इन जिमों के जरिए कई महिलाओं को निशाना बनाया गया था।

कार्रवाई के दौरान फरार हो गया था मुख्य आरोपी

पुलिस की शुरुआती कार्रवाई के दौरान केजीएन-2 जिम का संचालक अशफाक खान उर्फ लकी खान मौका पाकर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचते रहने के कारण पुलिस ने उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अंततः पुलिस को सूचना मिली और उसे उसके सौतेले भाई साहिल अहमद के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल चैट और डिजिटल साक्ष्य मिले

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। इनमें कई युवतियों और महिलाओं के साथ की गई चैट भी शामिल हैं।

इन चैट के आधार पर पुलिस को यह पता चला है कि आरोपियों ने कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की थी। पुलिस अब इन सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़िताओं की पहचान भी की जा रही है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी भी कई पहलुओं की जांच जारी है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह से जुड़े कुछ और लोग भी सामने आ सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Brijendra Dubey
ABOUT THE AUTHOR

Brijendra Dubey

As a Senior Reporter based in Mirzapur, he covers a wide range of news and developments for Newstrack.com. His reporting spans politics, administration, crime, social issues, education, cultural events, and other matters of public interest. With a strong understanding of local issues and ground-level reporting, he strives to deliver accurate, timely, and reliable news to readers. Through his journalistic work, he aims to keep audiences informed about the latest developments from Mirzapur and the surrounding region.

Next Story