Mirzapur: मर्चरी में शव को चूहों ने कुतरा, परिजनों का हंगामा

Mirzapur के मंडलीय अस्पताल की मर्चरी में रखे युवक के शव पर चूहों के कुतरने के निशान मिलने से हंगामा, परिजनों ने फ्रीजर खराब होने और लापरवाही के आरोप लगाए।

Brijendra Dubey
Published on: 9 March 2026 6:30 PM IST
MIRZAPUR
X

MIRZAPUR (Photo_ Social Media) (1).jpg

मिर्जापुर। जिले के मंडलीय अस्पताल की मर्चरी में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पोस्टमार्टम के लिए रखे गए एक युवक के शव को चूहों द्वारा कुतरने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद मृतक के परिजनों ने मर्चरी हाउस के बाहर हंगामा कर दिया।

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय अभिषेक माली ने रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया था। परिजनों का आरोप है कि मौसम गर्म होने के कारण उन्होंने अस्पताल प्रशासन से शव को फ्रीजर में रखने की मांग की थी, लेकिन कर्मचारियों ने फ्रीजर खराब होने की बात कह दी। इसके बाद शव को सुरक्षित रखने के लिए बर्फ की व्यवस्था करने के नाम पर परिजनों से करीब दो हजार रुपये भी लिए गए।

सोमवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए शव लेने मर्चरी पहुंचे तो उन्होंने शव पर कई जगह चूहों के कुतरने के निशान देखे। यह दृश्य देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण शव भी सुरक्षित नहीं रह पा रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद मर्चरी हाउस में सफाई कर्मियों को भेजकर सफाई कराई गई।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन किशोर ने कहा कि शव पर मिले घावों के मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मर्चरी हाउस में लंबे समय से अव्यवस्था की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हो सका है।

Brijendra Dubey
ABOUT THE AUTHOR

Brijendra Dubey

As a Senior Reporter based in Mirzapur, he covers a wide range of news and developments for Newstrack.com. His reporting spans politics, administration, crime, social issues, education, cultural events, and other matters of public interest. With a strong understanding of local issues and ground-level reporting, he strives to deliver accurate, timely, and reliable news to readers. Through his journalistic work, he aims to keep audiences informed about the latest developments from Mirzapur and the surrounding region.

Next Story