Mirzapur News: मिर्जापुर में पल्लवी पटेल का धरना, जिलाध्यक्ष को फंसाने का आरोप

Mirzapur News: गौ तस्करी मामले में जेल भेजे गए अपना दल कमेरावादी के जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह के समर्थन में सपा विधायक पल्लवी पटेल सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जिला मुख्यालय पर तीन घंटे धरने पर बैठीं।

Brijendra Dubey
Published on: 7 March 2026 11:00 PM IST (Updated on: 8 March 2026 12:21 AM IST)
Pallavi Patels sit-in in Mirzapur, accused of arresting district president
X

मिर्जापुर में पल्लवी पटेल का धरना, जिलाध्यक्ष को फंसाने का आरोप (Photo- Newstrack)

Mirzapur News: मिर्जापुर में अपना दल (कमेरावादी) के जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह को गौ तस्करी के मामले में जेल भेजे जाने को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। इस मामले को लेकर सपा विधायक और अपना दल कमेरावादी की प्रमुख नेता पल्लवी पटेल शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचीं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं।

धरना करीब तीन घंटे तक चला, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। पल्लवी पटेल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को धरना स्थल पर बुलाने की मांग की और मामले में निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही।

कूटरचित दस्तावेज से फंसाने का आरोप

धरने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 20 वर्षों से राजनीति कर रहे श्याम बहादुर सिंह की छवि को खराब करने की साजिश रची गई है।

पल्लवी पटेल ने दावा किया कि गौ तस्करी में पहले पकड़े गए आरोपियों ने शुरुआती चार दिनों तक जिलाध्यक्ष का नाम नहीं लिया था। बाद में सत्ता के दबाव और मारपीट के बाद उनका नाम जबरन मामले में जोड़ा गया।



प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग

धरना स्थल पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने पल्लवी पटेल को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। इस दौरान वह एडीएम सदर पर भी नाराज हो गईं और प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष के खिलाफ जिस तरह की कार्रवाई की गई है, वह पूरी तरह से संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आगे जिलाध्यक्ष के खिलाफ कोई नई कार्रवाई न की जाए और उन्हें न्यायालय से जल्द राहत मिले।

सत्ता पर साधा निशाना

पल्लवी पटेल ने इस पूरे मामले में अपना दल (एस) और सत्ता पक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में जिला प्रशासन सत्ता में बैठे लोगों के इशारों पर कठपुतली की तरह काम कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने सोनेलाल पटेल के नाम का राजनीतिक लाभ उठाया है, वही लोग आज उनके कार्यकर्ताओं की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

सपा की गैरमौजूदगी पर दिया जवाब

धरना प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी न होने के सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी अपने सम्मान और अधिकारों की लड़ाई खुद लड़ने में सक्षम है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई न्याय और सत्य के लिए है और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

धरने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने जिलाध्यक्ष के समर्थन में आवाज उठाई। प्रशासन ने मामले की जांच प्रक्रिया जारी रहने की बात कही है।

Brijendra Dubey
ABOUT THE AUTHOR

Brijendra Dubey

As a Senior Reporter based in Mirzapur, he covers a wide range of news and developments for Newstrack.com. His reporting spans politics, administration, crime, social issues, education, cultural events, and other matters of public interest. With a strong understanding of local issues and ground-level reporting, he strives to deliver accurate, timely, and reliable news to readers. Through his journalistic work, he aims to keep audiences informed about the latest developments from Mirzapur and the surrounding region.

Next Story