Mirzapur News: मीरजापुर में गैस किल्लत पर सपा का प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना

Mirzapur News: मीरजापुर जिला मुख्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की कमी को लेकर धरना प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

Brijendra Dubey
Published on: 13 March 2026 6:13 PM IST
SP protests over shortage of gas cylinders in Mirzapur
X

मीरजापुर में गैस सिलेंडर की कमी पर सपा का विरोध प्रदर्शन (Photo- Newstrack)

Mirzapur News: मीरजापुर, 13 मार्च। जिले में गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई।

सपा नेताओं का आरोप है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और कई उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।



जिला मुख्यालय पर धरना, सरकार पर लापरवाही का आरोप

सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर गैस की किल्लत के खिलाफ धरना दिया और सरकार को आम जनता की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील बताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस बुकिंग की प्रक्रिया भी सही ढंग से नहीं चल रही है।

सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी से आम आदमी बेहद परेशान है। कई गैस एजेंसियों पर लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गैस बुक करने के बाद भी उपभोक्ताओं को तीन दिन बाद सिलेंडर मिलने की बात कही जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों में शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम हैं, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में चूल्हे पर खाना बनाने को विवश हो रहे हैं।

रमजान और शादी-विवाह के मौसम में बढ़ी परेशानी

सपा नेता और पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी ई० सतीश मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में रमजान का महीना चल रहा है और ईद भी नजदीक है। इसके अलावा कई घरों में शादी-विवाह के कार्यक्रम हैं, लेकिन गैस सिलेंडर की कमी से लोग परेशान हैं।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं से सरकार को कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार को गैस आपूर्ति की व्यवस्था को तत्काल ठीक करना चाहिए।

राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि आम लोगों को गैस के लिए गुमराह न किया जाए और गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।


Brijendra Dubey
ABOUT THE AUTHOR

Brijendra Dubey

As a Senior Reporter based in Mirzapur, he covers a wide range of news and developments for Newstrack.com. His reporting spans politics, administration, crime, social issues, education, cultural events, and other matters of public interest. With a strong understanding of local issues and ground-level reporting, he strives to deliver accurate, timely, and reliable news to readers. Through his journalistic work, he aims to keep audiences informed about the latest developments from Mirzapur and the surrounding region.

Next Story