TRENDING TAGS :
Mirzapur News: विंध्याचल में मंत्री शाही का विपक्ष पर वार, कानून-व्यवस्था पर जोर
Mirzapur News: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नववर्ष पर सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर जनता को बधाई दी, नारी शक्ति, कानून-व्यवस्था, महंगाई और विपक्ष पर साधा निशाना
विंध्याचल में मंत्री शाही का विपक्ष पर वार, कानून-व्यवस्था पर जोर (Photo- Newstrack)
Mirzapur News: विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नववर्ष के अवसर पर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
नारी शक्ति और सनातन परंपरा पर जोर
मंत्री शाही ने कहा कि सनातन संस्कृति में नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। इतिहास गवाह है कि जब-जब नारी शक्ति का अपमान हुआ, तब-तब दुष्ट और अराजक तत्वों का अंत हुआ है। उन्होंने कहा कि नवरात्र जैसे पर्व हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने का भरोसा
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग है। आने वाले समय में भी जनता और विशेष रूप से नारी शक्ति के सहयोग से गुंडों और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
महंगाई पर विपक्ष को घेरा
गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री शाही ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल महंगाई के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। वैश्विक परिस्थितियों के कारण कई देशों में गैस के दाम बढ़े हैं, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है।
उज्ज्वला योजना से गरीबों को राहत
मंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत लाभार्थियों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
देशहित में जिम्मेदारी से सोचने की अपील
अंत में उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी को देशहित में सोचने और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की जरूरत है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहकर सकारात्मक माहौल बनाए रखें।


