Moradabad News: मोदी पर जनता का भरोसा कांग्रेस को नहीं पच रहा- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

Moradabad News: मुरादाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता 2027 में भी भाजपा पर भरोसा जताएगी।

Sudhir Goyal
Published on: 24 May 2026 7:35 PM IST
Peoples trust in Modi is not digesting NC: Deputy CM Brajesh Pathak
X

मोदी पर जनता का भरोसा कांग्रेस को नहीं पच रहा- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Photo- Social Media)

Moradabad News: रविवार को मुरादाबाद पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार बढ़ता जनता का भरोसा कांग्रेस को अब बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इसी वजह से विपक्ष लगातार बयानबाजी और आरोपों की राजनीति कर रहा है।

राहुल गांधी हताशा और निराशा में हैं

ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी इस समय बेहद हताशा और निराशा के दौर से गुजर रहे हैं, क्योंकि देश और प्रदेश की जनता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब यह महसूस हो चुका है कि उसकी पुरानी राजनीति और रणनीतियां जनता के बीच अपना असर खो चुकी हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का अब पतन हो चुका है और जनता का विश्वास उससे लगातार दूर होता जा रहा है। उनके मुताबिक कांग्रेस के पास अब जनता को देने के लिए कोई नई सोच या ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

गरीब कल्याण योजनाओं का किया जिक्र

डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने दावा किया कि करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और इसका सीधा असर जनता के भरोसे में दिखाई दे रहा है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुफ्त राशन योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने गरीब और मध्यम वर्ग को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।

2027 चुनाव में भाजपा की मजबूत पकड़ का दावा

ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पकड़ पहले से ज्यादा मजबूत हुई है और जनता विकास तथा सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को यह महसूस हो गया है कि उनकी राजनीतिक जमीन लगातार कमजोर होती जा रही है, इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना

डिप्टी सीएम ने विपक्षी रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और यही कारण है कि व्यक्तिगत बयानबाजी और आरोपों की राजनीति की जा रही है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर काम कर रही है और आने वाले समय में भी विकास की रफ्तार जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के चुनावों में भी जनता भाजपा पर अपना भरोसा कायम रखेगी।

बयान के बाद गरमाई प्रदेश की राजनीति

ब्रजेश पाठक के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इसे विपक्ष की हताशा बताया है, जबकि कांग्रेस लगातार केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही है।

आने वाले चुनावों को देखते हुए दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

Next Story