Moradabad News: डीएम राजेंद्र पेंसिया का जिला अस्पताल निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

Moradabad News: मुरादाबाद के डीएम राजेंद्र पेंसिया ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को आवश्यक सुधार जल्द करने को कहा गया।

Sudhir Goyal
Published on: 3 Jun 2026 2:14 PM IST
Moradabad News
X

Moradabad News(Photo-Social Media)

Moradabad News: मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसएआरआई वार्ड आईसीयू, सर्जिकल वार्ड, हड्डी वार्ड ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का भ्रमण किया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय सहित अन्य चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित रूप से स्वच्छता सुनिश्चित कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों के उपयोग में आने वाली बेडशीटों को समुचित रूप से धुलने एवं स्वच्छ अवस्था में ही प्रयोग में लाया जाए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि बेडों की साफ-सफाई एवं रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संक्रमण नियंत्रण संबंधी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा पूर्व में जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान रोगी कल्याण से संबंधित विभिन्न कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। जिलाधिकारी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप रोगी कल्याण के अंतर्गत प्रस्तावित एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण कराया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड के सामने स्थित खाली स्थान का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि इस स्थान को विकसित कर एक सुंदर एवं उपयोगी पार्क के रूप में तैयार किया जाए, जिससे मरीजों एवं उनके तीमारदारों को स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने चिकित्सालय में डॉक्टरों की तैनाती और मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता के साथ साथ दैनिक ओपीडी के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि प्रत्येक डॉक्टर निर्धारित रोस्टर के अनुसार वार्डों में अनिवार्य रूप से मरीजों के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग करें।

उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला चिकित्सालय जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है और यहां की व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जाए।

Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

Next Story