TRENDING TAGS :
अब्बा...आपने अंधेरों में भी रास्ता दिखाया, अब्बास अंसारी ने पिता मुख्तार अंसारी को बताया ‘शहीद’, किया भावुक पोस्ट
Abbas Ansari: अब्बास अंसारी ने पिता मुख्तार अंसारी को याद करते हुए लिखा कि आज उनके अब्बा का यौम-ए-पैदाइश है, लेकिन उनके बिना यह दिन बेहद खाली और खामोश महसूस हो रहा है।
Abbas Ansari: उत्तर प्रदेश के मऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे दिवंगत बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के यौम-ए-पैदाइश पर उनके बेटे विधायक अब्बास अंसारी ने भावुक होकर उन्हें याद किया है। इस मौके पर अब्बास अंसारी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक लंबा और संवेदनशील पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने पिता को “शहीद” बताते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और समर्थकों के साथ-साथ चाहने वाले लोग लगातार लाइक और कमेंट के जरिए अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि अब्बास अंसारी को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से नियमित शर्तों के साथ जमानत मिली है। इससे पहले उनकी विधायकी भी रद्द कर दी गई थी, हालांकि सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद उनकी सदस्यता बहाल हो गई। जमानत मिलने के बाद से अब्बास अंसारी मीडिया से दूरी बनाए हुए थे, लेकिन अपने पिता के जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने इस भावनात्मक पोस्ट के जरिए सार्वजनिक रूप से अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं।
अपने पोस्ट में अब्बास अंसारी ने पिता मुख्तार अंसारी को याद करते हुए लिखा कि आज उनके अब्बा का यौम-ए-पैदाइश है, लेकिन उनके बिना यह दिन बेहद खाली और खामोश महसूस हो रहा है। उन्होंने लिखा कि भले ही उनके पिता आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी मोहब्बत, दुआएं और दी हुई तर्बियत हर पल उनके साथ है। अब्बास ने अपने पिता को अपनी जिंदगी की वह रोशनी बताया, जिसने अंधेरों में भी उन्हें रास्ता दिखाया। उन्होंने यह भी कहा कि पिता का साया भले ही उठ गया हो, लेकिन उनकी यादें दिल के हर कोने में हमेशा जिंदा रहेंगी।
पोस्ट में अब्बास अंसारी ने यह इच्छा भी जताई कि काश एक बार फिर उन्हें अपने पिता का सहारा और उनकी आवाज सुनने का मौका मिल पाता। उन्होंने अपनी हर कामयाबी और हर दुआ को अपने पिता के नाम समर्पित करते हुए अल्लाह से उनके लिए जन्नत-उल-फिरदौस में आला मुकाम की दुआ मांगी। साथ ही उन्होंने कुरान की आयत का हवाला देते हुए लिखा कि शहीद कभी मरते नहीं, इसलिए उन्होंने अपने पिता को यौम-ए-पैदाइश की मुबारकबाद दी।
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी मऊ सदर विधानसभा सीट से कई बार विधायक रहे। उन्होंने 1996 में बहुजन समाज पार्टी से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 2002 और 2007 में वे निर्दलीय विधायक चुने गए। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी कौमी एकता दल का गठन किया और 2012 तथा 2017 में फिर से विधायक बने। कई आपराधिक मामलों, जिनमें गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे भी शामिल थे, के चलते वे लंबे समय तक जेल में रहे। 28 मार्च 2024 को जेल में ही हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। वर्तमान में मऊ सदर विधानसभा सीट से उनके बेटे अब्बास अंसारी विधायक हैं।


